नई दिल्ली ।गुजरात के मोरबी में एक महिला ने एक व्यक्ति पर कई वर्षों तक ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब महिला के कैंसर पीड़ित पति के इलाज के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट की तैयारी की जा रही थी। परिवार के इकलौते बेटे का स्टेम सेल सैंपल लेकर पिता से मिलान कराया गया, लेकिन मेडिकल जांच में दोनों का बोन मैरो मैच नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के सामने ऐसा मामला आया, जिसने महिला के लंबे समय से छिपे दर्द को उजागर कर दिया।
बताया गया है कि इस घटना की शुरुआत करीब छह साल पहले वर्ष 2020 में हुई थी। महिला के पति को बोन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने का पता चला था। इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। पति के इलाज का खर्च जुटाने के लिए महिला ने महिलाओं के कपड़ों का कारोबार करने वाले शैलेश लक्ष्मण मकवाना से एक लाख रुपये उधार लिए थे।
महिला का आरोप है कि जब वह समय पर कर्ज की रकम वापस नहीं कर सकी, तब शैलेश मकवाना ने उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाना शुरू कर दिया। आरोप के मुताबिक, आरोपी ने कर्ज की रकम लौटाने के लिए दबाव बनाया और महिला को डराने-धमकाने के साथ ब्लैकमेल किया। इसके बाद उसने कथित तौर पर महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म किया।
महिला के मुताबिक, पति की बीमारी और परिवार की परिस्थितियों के कारण वह लंबे समय तक इस घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी। सामाजिक बदनामी और पति की नाजुक हालत के कारण उसने कथित तौर पर कई वर्षों तक यह बात अपने तक सीमित रखी।
समय बीतने के साथ महिला के पति की हालत खराब होती गई। हाल ही में डॉक्टरों ने बोन मैरो ट्रांसप्लांट को इलाज का जरूरी विकल्प बताया। इसके लिए उनके बेटे का स्टेम सेल सैंपल लिया गया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पिता के लिए उपयुक्त है या नहीं। जांच के बाद जब बेटे का बोन मैरो पिता से मैच नहीं हुआ, तो परिवार में सवाल खड़े होने लगे।
इसके बाद महिला ने पति और परिवार के सामने कथित दुष्कर्म की पूरी घटना बताई। महिला ने आरोप लगाया कि शैलेश मकवाना ने कर्ज और उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसे वर्षों तक प्रताड़ित किया और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
घटना सामने आने के बाद महिला ने मोरबी के ए-डिवीजन पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 9 सितंबर को मामले में एफआईआर दर्ज की। आरोपी शैलेश मकवाना मोरबी नगर निगम के वार्ड नंबर 8 की बीजेपी पार्षद का पति बताया गया है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस उपाधीक्षक जे. एम. आल के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की जांच में अब वैज्ञानिक साक्ष्यों पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस अदालत से अनुमति लेकर आरोपी शैलेश मकवाना और बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है। डीएनए जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
