रिपोर्ट के मुताबिक एकनाथ शिंदे करीब एक सप्ताह के लंदन दौरे पर थे। वह 5 सितंबर को अपने करीबी सहयोगियों के साथ ब्रिटेन के लिए रवाना हुए थे। दौरे के दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। लंदन से मुंबई लौटते समय उन्होंने ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट से यात्रा की। विमान करीब रात 2 बजे मुंबई पहुंचा था। एयरपोर्ट से निकलने के बाद शिंदे अपने घर चले गए। घर पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद रात करीब 3 बजे उन्हें महसूस हुआ कि उनका iPhone उनके पास नहीं है।
फोन गायब होने की जानकारी मिलते ही शिंदे की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस को सूचना देने के बाद एयरलाइन की सुरक्षा टीम से संपर्क किया गया। चूंकि फोन के विमान में छूटने की आशंका थी इसलिए सुरक्षा टीम ने विमान के अंदर उसकी तलाश शुरू की। काफी जांच के बाद फोन विमान के भीतर ही मिल गया। करीब रात 4 बजे iPhone शिंदे को वापस सौंप दिया गया। इस तरह फोन गायब होने से लेकर उसके बरामद होने तक करीब एक घंटे का समय लगा।
एकनाथ शिंदे के लंदन दौरे के दौरान उनकी मुलाकात भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली से भी हुई थी। दोनों की मुलाकात से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद यह दौरा चर्चा में रहा था। रिपोर्ट के अनुसार शिंदे ने लंदन में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पूर्व आवास में बने स्मारक का दौरा भी किया। इसके अलावा लंदन में वड़ा पाव खाते हुए उनकी तस्वीर और वीडियो भी चर्चा में रहे।
शिंदे के iPhone को लेकर यह जानकारी भी सामने आई है कि वह वीडियो कॉल के लिए नियमित तौर पर इसका इस्तेमाल करते हैं। बैठकों और अन्य व्यस्त कार्यक्रमों के दौरान वह कभी-कभी अपना मोबाइल निजी सहायक को भी सौंप देते हैं। ऐसे में मुंबई लौटने के बाद फोन के गायब होने की जानकारी मिलने पर उनकी टीम ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी।
खास बात यह है कि एकनाथ शिंदे के मोबाइल फोन के गायब होने का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। इससे पहले जब वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे तब भी उनका एक फोन गायब हुआ था। बाद में उस फोन को भी बरामद कर लिया गया था। इस बार भी कुछ समय की तलाश के बाद उनका iPhone उसी विमान के भीतर मिल गया। फोन मिलने के बाद शिंदे और उनकी टीम ने राहत की सांस ली।
