भोपाल । हिंदू नववर्ष के स्वागत में आयोजित हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था “कर्मश्री” का बहुप्रतीक्षित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन अपने 25वें वर्ष में ऐतिहासिक स्वरूप के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में देश के प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित हास्य कवि दिनेश बावरा, पैरोडीकार सुदीप भोला, कवि अजय अंजाम, कवि कुशल कुशलेन्द्र एवं कवयित्री सान्या राय ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य, वीर, श्रृंगार और राष्ट्रभक्ति रस से सजे इस आयोजन में लगभग 50 हजार श्रोता देर रात तक डटे रहे और काव्य रस में सराबोर होते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि “कर्मश्री” संस्था के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में यह कवि सम्मेलन पिछले 25 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इस बार आयोजन को विशेष भव्यता दी गई, जिसने इसे राजधानी के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल कर दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण बना रहा। श्रोताओं की भारी भीड़ और लगातार गूंजती तालियों ने कवियों का उत्साह बढ़ाया, जिससे मंच और पंडाल देर रात तक काव्यमय बना रहा।

यह अतिथि रहे मौजूद
कवि सम्मेलन में काव्य के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास, धर्मगुरु अनिलानंद जी, ज्ञानी दिलीप सिंह जी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, पूर्व विधायक जशवंत सिंह हाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
*मध्यप्रदेश की धरती धर्म और संस्कृति की भूमि है : डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती धर्म और संस्कृति की भूमि रही है। हजारों वर्ष पूर्व उज्जयिनी के सांदीपनि आश्रम में अध्ययन करने वाले भगवान श्रीकृष्ण ने विश्व को गीता का ज्ञान दिया। सम्राट विक्रमादित्य ने इसी धरती से विक्रम संवत का आरंभ किया।
उन्होंने कहा कि मैं इस पावन अवसर पर डॉ. कुमार विश्वास सहित सभी पधारे कवियों का अभिनंदन करता हूँ। उन्होंने आयोजन के लिए विधायक रामेश्वर शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि वे विकास कार्यों के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगल की कामना की।
प्रधानमंत्री के सपनों को साकार कर रहे हैं डॉ. मोहन यादव : रामेश्वर शर्मा
कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कवि सम्मेलन के मंच से नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकास कार्यों के साथ-साथ बेटियों के सम्मान, गौ-सेवा और भारतीय संस्कृति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का कवि सम्मेलन विशेष ऐतिहासिक महत्व रखता है। हिंदू आस्था की मजबूती के प्रतीक सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष, वंदे मातरम के 150 वर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव इसी कालखंड में आए हैं। ऐसे समय में हिंदू नववर्ष पर कर्मश्री के कवि सम्मेलन की रजत जयंती का आयोजन अपने आप में गौरव का विषय है।

बैक ड्रॉप में उकेरी झांकियां
कवि सम्मेलन के मंच पर बनाए गए भव्य बैकड्रॉप में सोमनाथ मंदिर के स्वाभिमान और आस्था के 1000 वर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती तथा वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ से जुड़ी आकर्षक झांकियां उकेरी गई हैं, जो कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं और सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं।
